CRIME: चर्च कॉम्प्लेक्स के पास दुकानदारों से रंगदारी मांगने वाला कुख्यात चाय गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

लोअर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रतन पीपी और चर्च कॉम्प्लेक्स के आसपास के दुकानदारों से लगातार गाली-गलौज करने और रंगदारी मांगने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद साजिद उर्फ चाय 30 वर्ष के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हजारीबाग के इचाक का रहने वाला है और वर्तमान में रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पुंदाग बंगला टोली में रह रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना और दुकानदारों की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उसके पास से पुलिस ने दो धारदार चाकू जैसे दिखने वाले ब्लेड भी बरामद किए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी साजिद उर्फ चाय रतन पीपी और चर्च कॉम्प्लेक्स के समीप दुकानदारों को डरा-धमका कर रंगदारी की मांग कर रहा था। परेशान होकर स्थानीय दुकानदारों ने आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसी बीच खोरा टोली निवासी आवेदक एनामुल हक उर्फ मुन्ना ने लोअर बाजार थाने में एक लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि साजिद ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और रंगदारी की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने लोअर बाजार थाना कांड संख्या 115/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

वरिय पुलिस अधीक्षक रांची के कड़े निर्देश पर मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिक अभियुक्त मो. साजिद उर्फ चाय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अपराधी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ रांची जिले के अलग-अलग थानों में पूर्व से कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सफल छापेमारी दल में थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, सुधीर बाडा, सहायक अवर निरीक्षक सत्यनारायण कुमार और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *