सांसद प्रतिनिधि ने व्रतियों के साथ दिया पहला अर्घ्य

रांची
Share Now

लोक आस्था के महापर्व छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने अर्पित की श्रद्धा की पहली भेंट, घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

द जनसभा | टंडवा | गणेश प्रसाद

लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को टंडवा प्रखंड के कुमरांग कला स्थित बड़ा तालाब छठमय हो उठा। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा वातावरण छठ गीतों, भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। इस पावन अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मंटू सिंह उर्फ प्रेम विकास ने अपने परिवार एवं सैकड़ों व्रतियों के साथ बड़ा तालाब घाट पर पहुंचकर भगवान भास्कर की उपासना की और अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। शाम होते-होते पूरा तालाब परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाएं एवं पुरुष डाला-सूप लेकर जल में खड़े हुए और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा। स दौरान सांसद प्रतिनिधि मंटू सिंह उर्फ प्रेम विकास ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति और सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देता है। उन्होंने सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्य और छठी मइया से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *