
छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य पर ऐतिहासिक छठ तालाब घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। उपायुक्त रवि आनंद और पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता ने दीप प्रज्वलित कर गंगा आरती का किया शुभारंभ।
द जन सभा | चतरा| शिवम कुमार
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के अवसर पर नगर परिषद क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक छठ तालाब घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान घाट पर आकर्षक सजावट और रोशनी के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। महापर्व के अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद छठ तालाब घाट पहुंचे और पूजा के आयोजन को लेकर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और घाट परिसर में उपलब्ध इंतजामों का जायजा लिया। इसके बाद उपायुक्त रवि आनंद और पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलित कर भव्य गंगा आरती का शुभारंभ किया।
गंगा आरती के दौरान पूरा घाट परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर भगवान सूर्य और छठी मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों और छठ व्रतियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक संस्कृति, आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ लोक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी देता है। मौके पर जिला योजना पदाधिकारी शिशिर कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रेमचंद साहू, अंचल अधिकारी अनिल कुमार, वार्ड पार्षद दीपक वर्मा सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
