अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को व्रतियों ने दिया पहला अर्घ्य, छठी मइया की भक्ति में डूबा कांके

रांची
Share Now

पुलिस ड्यूटी के बीच डीएसपी अमर कुमार पांडे की छठ के प्रति अटूट आस्था, पत्नी संग वर्षों से कर रहे व्रत

द जन सभा | डेस्क | रांची

लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ घाटों पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नदी, तालाब, पोखर और विभिन्न छठ घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हाथों में पूजन सामग्री से सजे दउरा और सूप लिए व्रतियों ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और लोकमंगल की कामना की। शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया था। कठिन तप और अटूट श्रद्धा के साथ व्रतियों ने पूरी रात छठी मइया की आराधना की। घरों में छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। रविवार की सुबह से ही व्रतियों और उनके परिजनों में घाट पहुंचने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दोपहर बाद से ही घाटों की ओर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा। शाम होते-होते पूरा वातावरण छठी मइया की भक्ति और भगवान सूर्य की उपासना में सराबोर हो गया।

छठ पर्व के दौरान पारंपरिक लोकगीतों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। ‘मारबऊ रे सुगवा धनुष से’, ‘कांच ही बांस के बहंगिया’, ‘केलवा जे फरेले घवद से’, ‘होख न सुरुजदेव सहाय’ और ‘पटना के घाट पर हमहूं अरघिया देबई हे छठी मइया’ जैसे गीतों की गूंज हर ओर सुनाई दी। व्रतियों के साथ परिवार के सदस्य भी छठ गीत गाते हुए घाट पहुंचे। इन गीतों में लोकजीवन, पारिवारिक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही। छठ पर्व की पवित्रता और परंपरा के बीच रविवार की सुबह से ही घरों में ठेकुआ बनाने की तैयारी शुरू हो गई थी। मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ियों पर पारंपरिक तरीके से ठेकुआ तैयार किया गया। कई घरों में देसी घी की खुशबू से पूरा वातावरण महक उठा। छठी मइया को ठेकुआ और मौसमी फलों का प्रसाद अर्पित किया गया। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद व्रतियां पारण कर प्रसाद का वितरण करेंगी।

लोक आस्था के इस महापर्व में कांके स्थित बिरसा एग्रीकल्चर परिसर के छठ घाट पर भी श्रद्धा का विशेष नजारा देखने को मिला। यहां हजारों श्रद्धालु भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने पहुंचे। इस अवसर पर डीएपी अमर कुमार पांडे अपनी पत्नी के साथ पिछले कई वर्षों से छठ महापर्व का अनुष्ठान करते आ रहे हैं। उनकी यह निरंतर साधना छठ के प्रति गहरी आस्था, पारिवारिक परंपरा और सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाती है। बिरसा एग्रीकल्चर स्थित छठ घाट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ ने महापर्व की व्यापकता और सामाजिक एकजुटता की तस्वीर पेश की। इस अवसर पर श्री कुमार ने कहा कि डीएपी अमर कुमार पांडे ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि गहरी अटूट आस्था, विश्वास, त्याग, निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। पुलिस की व्यस्त ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच छठ व्रत का अनुष्ठान कर पाना भगवान की विशेष कृपा है। यह पर्व मन को आध्यात्मिक शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने भगवान भास्कर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सूर्यदेव सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश फैलाएं तथा हर किसी को स्वस्थ, खुशहाल और संपन्न रखें।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *