द जन सभा | निरंजन भारती
झारखंड सरकार द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और ड्रॉपआउट दर को कम करने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं के तहत सोमवार को रांची में एक भव्य साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रांची के TVS CM SOE जगन्नाथपुर क्लस्टर प्वाइंट पर आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के माननीय कल्याण मंत्री श्री चमरा लिण्डा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने क्षेत्र के 10 विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 693 छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार और परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की भी उपस्थित रहीं।

समारोह को संबोधित करते हुए कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने कहा कि हर छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले बच्चों को विद्यालय की दूरी के कारण पढ़ाई में जो कठिनाई होती थी, उसे यह योजना दूर करेगी।

मंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थान ‘मोशन एजुकेशन’ से जोड़कर विशेष कोचिंग की व्यवस्था कर रही है। बता दें कि रांची जिले में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए कुल 16,780 साइकिलों के वितरण की स्वीकृति दी गई है, जिसके तहत कक्षा 8वीं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया जा रहा है।
