Tandwa: बीरबीर में 25केबीए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, ग्रामीणों में खुशी की लहर

जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

प्रखंड क्षेत्र के बीरबीर गांव में पिछले 15 दिनों से पसरा अंधेरा आखिरकार दूर हो गया है। चतरा सांसद काली चरण सिंह के निर्देश पर गांव में 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण पखवाड़े भर से ढिबरी युग में जीने को मजबूर थे। बिजली गुल रहने से न सिर्फ रोजमर्रा के काम ठप थे, बल्कि बच्चों की पढ़ाई भी पूरी तरह बाधित हो रही थी। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जनप्रतिनिधियों ने सांसद और बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद सांसद की पहल पर विभाग ने तुरंत नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया।

नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद प्रखंड सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडेय, मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और जिला परिषद सदस्य देवंती देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया। बिजली आपूर्ति बहाल होते ही ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सांसद काली चरण सिंह, स्थानीय विधायक उज्ज्वल दास व बिजली विभाग के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उद्घाटन के मौके पर वरिष्ठ नेता प्रमोद कुमार सिंह, रामचंद्र गुप्ता, संजीव पांडेय समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *