रांची पुलिस ने चोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सुखदेवनगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुम्हार टोली, चुम्ना भट्ठा चौक स्थित एक घर में हुई बड़ी चोरी की वारदात का महज कुछ ही दिनों के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी रोहित कुमार सिंह उर्फ ‘गजनी’ 26 वर्ष और उसके साथी रवि कुमार चौरसिया 26 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है । पुलिस ने ऐसे अपराधियों को दो टूक में कहा है कि शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ ऐसी ही कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

बरामदगी मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया, की विगत 20 जून की रात विजय प्रजापति के घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने नकद और भारी मात्रा में जेवरात उड़ा लिए थे। लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शातिर अपराधियों को दबोचा और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए दो स्मार्टफोन, 76 अमेरिकी डॉलर, 170 रुपये नकद, भारी मात्रा में चांदी के पारंपरिक आभूषण पायल, बिछिया, कमर खोरनी, दुर्गा जी का लॉकेट और सोने के टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए मुख्य आरोपी रोहित उर्फ ‘गजनी’ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास धारा 307 और रंगदारी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
