Ranchi News: कांके थाना परिसर में शांति समिति की बैठक  भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा मुहर्रम

जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

आगामी मुहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कांके थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता बीडीओ विजय कुमार और डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और पूजा/मुहर्रम समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बलिदान और इंसानियत का संदेश देता है मुहर्रम: बीडीओ

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ विजय कुमार ने मुहर्रम के धार्मिक महत्व और इसके इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुहर्रम का त्योहार हमें त्याग, बलिदान और इंसानियत की सीख देता है। बीडीओ ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे हर साल की तरह इस बार भी आपसी भाईचारे, सहयोग और एकता की मिसाल पेश करते हुए इस पर्व को मनाएं।

प्रशासन के गाइडलाइंस का पालन करें अखाड़ा कमेटियां: डीएसपी

वहीं, डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि सभी अखाड़ा और मुहर्रम कमेटियों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों (गाइडलाइंस) का पूरी तरह पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और आपसी सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है।

पारंपरिक रास्तों से ही निकलेगा जुलूस, अफवाहों से रहें दूर

कार्यक्रम का संचालन सज्जाद अंसारी ने किया, जबकि थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने स्वागत भाषण और धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। थाना प्रभारी ने साफ शब्दों में कहा कि मुहर्रम का जुलूस केवल उन्हीं रास्तों से निकाला जाएगा जो पहले से निर्धारित और पारंपरिक हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया या अन्य जगहों पर फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

शांति समिति की बैठक में मुख्य रूप से थाना प्रभारी कुणाल कुमार, एसआई अरविंद कुमार, भीम सिंह, अंजय बैठा, हरिनाथ साहू, शत्रुघन साहू, सोमा उरांव, बीरेंद्र तिवारी के साथ-साथ पंचायत समिति सदस्य लालचंद सोनी, जमील अख्तर, सज्जाद अंसारी सहित इलाके के कई सम्मानित नागरिक और अखाड़ा समितियों के सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *