तमाड़ में शराब पीने के दौरान विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

रांची
Share Now

द जन सभा | डेस्क| बुंडू

तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सड़क पर बैठकर शराब पी रहे युवकों और कार सवार लोगों के बीच हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान 25 वर्षीय कांग्रेस महतो पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल कांग्रेस महतो की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना 8 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे रांगामाटी स्थित सरकारी शराब दुकान के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पत्नी के लिखित आवेदन पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

मृतक कांग्रेस महतो की पत्नी पूजा कुमारी के लिखित आवेदन पर तमाड़ थाना में छः नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले को हत्या और मारपीट से जुड़ा गंभीर अपराध मानते हुए अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बिट्टू गुप्ता (29 वर्ष), टिंकु दास (19 वर्ष), गुरूपदो मुंडा (19 वर्ष) और निखिल भूमिज (18 वर्ष) शामिल हैं।

हॉर्न बजाने के बावजूद सड़क से नहीं हटे युवक, फिर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि घटना के समय मृतक कांग्रेस महतो समेत चार लोग सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सभी आरोपी कार से वहां से गुजर रहे थे। आरोपियों के मुताबिक, कार का हॉर्न बजाने के बावजूद सड़क पर बैठे युवक रास्ते से नहीं हटे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज और मारपीट शुरू हुई। कुछ देर बाद दोबारा विवाद बढ़ा और मारपीट के दौरान कांग्रेस महतो पर चाकू से वार कर दिया गया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

दो आरोपी अब भी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी

इस हत्याकांड में पुलिस ने बिट्टू गुप्ता, टिंकु दास, गुरूपदो मुंडा और निखिल भूमिज को विधिवत गिरफ्तार किया है। वहीं, नामजद अभियुक्त राहुल मछुवा और मानिक मछुवा अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास शून्य है। मामले में किसी भी सामान की जब्ती नहीं हुई है। छापेमारी दल में बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तमाड़ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शम्भू पंडित, प्रेम सागर सिंह, गणेश चौड़े सहित तमाड़ थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

What do you feel about this post?

100%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *