रांची पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, चार गिरफ्तार; 3.70 लाख के जेवर बरामद

रांची
Share Now

द जन सभा | डेस्क | रांची

रातू थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार, रातू निवासी विनय कुमार वर्मा , धनबाद के कतरास निवासी विनायक कुमार सोनी और रातू के बड़काटोली निवासी दीपक उरांव उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तथा इनकी निशानदेही पर विभिन्न ज्वेलरी दुकानों से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरात की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित हुई थी छापेमारी टीम

पुलिस के अनुसार, रातू थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति बनाई गई। पुलिस उपाधीक्षक अजय आर्यन के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उसकी पहचान हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की और उसके बताए ठिकानों पर छापेमारी की, तो चोरी के जेवरात की खरीद-बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

हरियाणा में चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर रांची में बना लिया था ठिकाना

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी आकाश महतो मूल रूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। वह कुरुक्षेत्र और आसपास के इलाकों में पहले भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। वहां चोरी की वारदातों के बाद वह रांची पहुंचा और रातू थाना क्षेत्र के आमटांड़ में अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहने लगा। बताया जाता है कि उसने अपनी पहचान छिपाने और किसी को संदेह न होने देने के उद्देश्य से यहां ठिकाना बनाया था। गिरोह के सदस्य आपसी तालमेल से बंद घरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही घरों में घुसकर जेवरात व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, आकाश महतो दिन के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में माहिर था।

चोरी के जेवर रातू की दो ज्वेलरी दुकानों में बेचे गए थे

पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने रातू के काठीटांड़ स्थित जेपी जेवर दुकान और एवाई अलंकार ज्वेलर्स में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि आकाश और उसके साथियों ने घरों से चोरी किए गए आभूषण इन दुकानों में बेच दिए थे। पुलिस ने दोनों दुकानों से चोरी के जेवरात बरामद किए हैं। जेपी जेवर दुकान से दो जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र और पांच सोने की नोजपिन बरामद की गईं। वहीं, एवाई अलंकार ज्वेलर्स से तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक कमरधनी, एक पंजा, एक चांदी का ब्रेसलेट, सात चांदी की चेन, 11 बिछिया, दो अंगूठियां, एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक सोने की चेन, तीन सोने के कान के रिंग और दो सोने की नोजपिन बरामद की गईं।

आरोपी के किराये के मकान से नकदी और मोबाइल भी बरामद

पुलिस ने मुख्य आरोपी आकाश महतो के आमटांड़ स्थित किराये के मकान की तलाशी भी ली। वहां से सोने जैसे दिखने वाले एक जोड़ी कान के झुमके, एक जोड़ी पुरानी चांदी जैसी पायल, पांच चांदी की बिछिया, एक कान का झल्ला, 7,850 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई में लगभग 600 ग्राम चांदी और 15 से 20 ग्राम सोना बरामद हुआ है। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.70 लाख रुपये आंकी गई है।

रातू के चार चोरी कांडों में संलिप्तता स्वीकार

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने रातू थाना कांड संख्या 373/26 के अलावा रातू थाना क्षेत्र में दर्ज अन्य चोरी के मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें रातू थाना कांड संख्या 246/26, 327/26, 315/26 और 378/26 शामिल हैं। मुख्य आरोपी आकाश महतो का हरियाणा में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुरुक्षेत्र के कृष्णा गेट थाना में वर्ष 2024 का कांड संख्या 36/2024, बलदेव नगर थाना में कांड संख्या 15/24, थानेसर सिटी थाना में कांड संख्या 320/21, करनाल सिविल लाइन थाना में कांड संख्या 258/17 तथा कृष्णा गेट थाना में वर्ष 2022 के कांड संख्या 581/2022 और 601/2022 दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की कार्रवाई

अभियान में पुलिस उपाधीक्षक द्वितीय अजय आर्यन, रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो, पुलिस अवर निरीक्षक विनित कुमार, संतोष यादव, महेश प्रसाद कुशवाहा, छोटू कुमार, विशेश्वर कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर कुमार और सुनील कुमार सिंह सहित रातू थाना रिजर्व गार्ड के जवान एवं चालक शामिल थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *