वरिय पुलिस अधीक्षक, राँची के विशेष निर्देशानुसार शुक्रवार को पुंदाग स्थित एस.आर. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में राँची पुलिस द्वारा नशा मुक्ति एवं साइबर अपराध’ से संबंधित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता विकसित करना, उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक के रूप में तैयार करना तथा समाज में एक सुरक्षित माहौल का निर्माण करना था.

कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से उपस्थित साइबर राँची के पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा,डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के लिए साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी होना बेहद जरूरी है. सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करें और किसी भी फर्जी लिंक, फर्जी कॉल एवं मैसेज से सावधान रहें. अपनी अत्यंत गोपनीय वित्तीय जानकारी जैसे ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई और अन्य विवरण किसी के भी साथ साझा न करें. साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित शिकायत दर्ज कराने हेतु राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर अपराध पोर्टल की मदद लें.

इसके साथ ही, पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में भी विस्तार से जागरूक किया गया. उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर अत्यंत प्रतिकूल प्रभाव डालता है. छात्रों को नशे से दूर रहने तथा एक स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही, डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए छात्रों से अपील की गई कि वे अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें.

जागरूकता अभियान में मुख्य रूप से पुलिस उपाधीक्षक साइबर प्रदीप कुमार के साथ साइबर अपराध थाना राँची के पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार मिश्रा, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार तथा पुंदाग ओपी से पुलिस अवर निरीक्षक निर्मल कुमार महतो उपस्थित रहे. इनके अलावा संबंधित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यालय कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
