Ranchi News: नशामुक्ति को लेकर शारदा ग्लोबल विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम

रांची
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

शारदा ग्लोबल स्कूल, बुकरू, कांके में शुक्रवार को झारखंड सरकार की मुहिम के तहत निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन और इसकी खरीद-बिक्री के खिलाफ एक वृहद् जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी और वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1, अमर कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों और इसके कानूनी व दंडनीय प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।

इसके साथ ही अधिकारियों ने सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए ट्रैफिक नियमों के अनुपालन के प्रति भी बच्चों को जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं को जीवन में कभी मादक पदार्थों का सेवन न करने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

अभियान के दौरान ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा, नशा न सिर्फ एक जिंदगी को तबाह करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देता है। छात्र हमारे देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें इस सामाजिक बुराई से दूर रहना होगा। सरकार ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और भंडारण की रोकथाम के लिए नई नीति बनाई है, जिसके तहत सूचना देने वालों के लिए इनाम की भी घोषणा की गई है, ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। इसी क्रम में डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने भी बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कहा, कानूनन मादक पदार्थों का व्यापार और सेवन एक गंभीर और गैर-जमानती अपराध है।

यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति इस अवैध धंधे में लिप्त है, तो बिना डरे पुलिस को सूचित करें। सजग नागरिक बनकर ही हम झारखंड को नशामुक्त और सुरक्षित बना सकते हैं। कार्यक्रम में कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार, लॉ कॉलेज टीओपी प्रभारी तंजील खान, स्कूल की प्राचार्या सहित कई अधिकारी व गणमान्य उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *