त्योहारी सीजन में रांची रेल मंडल की बड़ी तैयारी, कई रूटों पर चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें

झारखंड झारखंड न्यूज़ रांची
Share Now

स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के विशेष इंतजाम, 24 घंटे सक्रिय रहेगा वॉर रूम

रांची: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को लेकर ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न रूटों पर पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। वहीं, कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। रांची और हटिया स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, टिकट व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यह जानकारी रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में दी। प्रेस वार्ता में सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह भी मौजूद थी। 

अजमेर, अलीपुरद्वार, आनंद विहार और मुंबई के लिए स्पेशल ट्रेनें

डीआरएम ने कहा कि अजमेर–रांची साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन संख्या 09619 का परिचालन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार होगा। वापसी में 09620 रांची–अजमेर 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलेगी। दोनों दिशाओं में नौ-नौ फेरे होंगे।
रांची–अलीपुरद्वार स्पेशल ट्रेन संख्या 08661 प्रत्येक सोमवार को 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तक चलेगी, जबकि 08662 अलीपुरद्वार–रांची प्रत्येक बुधवार को 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक संचालित होगी। दोनों ओर पांच-पांच फेरे होंगे।
रांची–आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 02877 प्रत्येक शनिवार को 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक और 02878 आनंद विहार–रांची प्रत्येक रविवार को 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेगी। दोनों ओर नौ-नौ फेरे निर्धारित हैं।

हटिया–लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 08609 प्रत्येक सोमवार को 12 से 26 अक्टूबर तक तथा वापसी में 08610 प्रत्येक मंगलवार को 13 से 27 अक्टूबर तक चलेगी। वहीं, हटिया–सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु स्पेशल 08637 प्रत्येक बुधवार को 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक और वापसी में 08638 प्रत्येक शुक्रवार को 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक चलेगी।
इसके अलावा सांतरागाछी–अजमेर स्पेशल 08611/08612 वाया रांची 12 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक तथा पटना–चर्लपल्ली स्पेशल 03253/03254/03255 वाया रांची का भी निर्धारित अवधि में परिचालन होगा। हटिया–बानो और बानो–हटिया अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें 08631/08632 भी 1 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन चल रही हैं।

डीआरएम ने कहा कि नियमित ट्रेनों में भी बढ़े कोच
यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए रांची–गोड्डा, रांची–चोपन, रांची–सासाराम और रांची–आरा की ट्रेनों में स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़े गए हैं।

20 रुपये हुआ प्लेटफॉर्म टिकट

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रांची और हटिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 10 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दी गई है। नई दर 10 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।

दक्षिणी प्रवेश द्वार खुलेगा, वैकल्पिक ठहराव भी

रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार महालया, 10 अक्टूबर से आंशिक रूप से खोला जाएगा। जरूरत के अनुसार प्लेटफॉर्म संख्या छह से भी ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। हटिया स्टेशन पर दबाव कम करने के लिए बेंगलुरु और एलटीटी जाने वाली स्पेशल ट्रेनों को बलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और बानो में वैकल्पिक ठहराव दिया गया है।

24 घंटे निगरानी, वॉर रूम सक्रिय रहेगी

स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे वॉर रूम सक्रिय रहेगा। यात्री 9835921955 पर संपर्क कर सकते हैं। प्लेटफॉर्म पर होल्डिंग एरिया के साथ बैठने, पेयजल और पंखे की व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टिकट और यूटीएस काउंटर भी खोले जाएंगे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की पूर्व योजना बनाकर समय से स्टेशन पहुंचें। किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा कर्मियों को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *