जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026 का आगाज, 7 अक्टूबर तक चलेगा व्यापार और मनोरंजन का महाकुंभ

कारोबार झारखंड झारखंड रांची
Share Now

रांची: युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई रांची के बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ का गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में शुभारंभ हुआ। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर सात दिवसीय आयोजन का उद्घाटन किया। इस वर्ष एक्सपो अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसे रांची का प्रमुख व्यापारिक एवं पारिवारिक मेला माना जाता है। मेले में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं।
उद्घाटन समारोह में एक्सपो अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि का परिचय जेसी सौरभ टांटिया ने दिया। एक्सपो के मुख्य समन्वयक जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि मेले में बड़े ब्रांड, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल हैं। महिला उद्यमियों के लिए विशेष ‘पिंक हैंगर’ बनाया गया है, जबकि बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क में विभिन्न झूले लगाए गए हैं।


राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड के स्थानीय उत्पादों में व्यापक संभावनाएं हैं। गुणवत्ता, बेहतर डिजाइन, आधुनिक तकनीक और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से इन्हें देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने तसर सिल्क सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि उद्यमिता आत्मनिर्भरता, रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। झारखंड के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। उन्हें मार्गदर्शन, अवसर और तकनीकी सहयोग देकर नए उद्यमों के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया ने व्यापार के तौर-तरीकों को तेजी से बदला है। छोटे उद्यम भी तकनीक के माध्यम से बड़े बाजार तक पहुंच बना सकते हैं। इसके लिए गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ग्राहक सेवा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपने विचारों को प्रयोग और उद्यम का रूप देने तथा नई तकनीक सीखकर समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने का आह्वान किया। राज्यपाल ने एक्सपो उत्सव को उत्पादों, सेवाओं और उद्यमियों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया और आयोजन के लिए जेसीआई रांची को बधाई दी।

सात दिनों में होंगे कई कार्यक्रम

उद्घाटन के बाद एक्सपो परिसर में जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता हुई, जिसमें करीब 40 बच्चों ने विभिन्न व्यंजन तैयार किए। स्वादिष्ट व्यंजन बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। 2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट और तंबोला, 3 अक्टूबर को डॉग शो और ‘वॉइस ऑफ एक्सपो’, 4 अक्टूबर को ‘एक्सपो टैंक’ और डांस प्रतियोगिता तथा 7 अक्टूबर को योग प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो आयोजित होगा।

3 अक्टूबर को रांचीवासियों के लिए नाइट मार्केट भी लगाया जाएगा। रात 9 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक स्टॉल खुले रहेंगे और लाइव बैंड की प्रस्तुति होगी। 6 अक्टूबर को ‘भजन जैमिंग’ का आयोजन होगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। एक्सपो के विभिन्न कार्यक्रमों और प्रवेश टिकट के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण और बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।


इस वर्ष एक्सपो उत्सव के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं। टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय पार्टनर हैं। होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, एनटीपीसी, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम समेत कई संस्थान विभिन्न श्रेणियों में सहयोगी के रूप में जुड़े हैं।

उद्घाटन समारोह में एक्सपो के को-ऑर्डिनेटर जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, जेसी सीए दीपक पटेल, जेसी ऋषभ जालान, जेसी अनिमेश निखिल सहित जेसीआई के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष और लेडीज विंग की सदस्य मौजूद रहीं। धन्यवाद ज्ञापन सचिव जेसी साकेत अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम की जानकारी एक्सपो मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *