Ranchi News: आजादी के बाद पहली बार पक्की सड़क से जुड़ेगा चामगुरु पातगाई गांव, ग्रामीणों के खिले चेहरे

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 3.59 करोड़ की लागत से बनेगी 4 किमी लंबी सड़क, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक सुरेश बैठा ने किया शिलान्यास

द जन सभा |  निरंजन भारती

प्रखंड के पिठौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाढू पंचायत के ग्रामीणों का दशकों पुराना सपना अब सच होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चामगुरु पातगाई से भेड़ीगदा चामबुरु बनटोली तक चार किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण तीन करोड़ उनसठ लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। रविवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सामूहिक रूप से शिलान्यास रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, क्षेत्रीय विधायक सुरेश बैठा और कांग्रेस नेता जमील अख्तर ने संयुक्त रूप नारियल फोड़कर किया। आजादी के बाद पहली बार गांव में पक्की सड़क पहुंचने की खबर से ग्रामीणों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।

​विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे ग्रामीण: संजय सेठ

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ ने कहा कि सुदूर ग्रामीण इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ना हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, आजादी के इतने दशकों बाद भी इस क्षेत्र के लोग बुनियादी सड़क जैसी सुविधा के लिए तरस रहे थे, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। आज इस शिलान्यास के साथ ही चामगुरु और बनटोली के ग्रामीणों का वनवास खत्म हो रहा है। सड़क सिर्फ कंक्रीट का रास्ता नहीं होती, बल्कि यह गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर लेकर आती है। हम पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराएंगे ताकि बारिश के दिनों में ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से हमेशा के लिए निजात मिल सके।

जनता से किया वादा हुआ पूरा, क्षेत्र का होगा चहुंमुखी विकास: सुरेश बैठा

वहीं, स्थानीय विधायक सुरेश बैठा ने विस्तार से अपनी बात रखते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जिस भरोसे के साथ चुना था, आज वह भरोसा धरातल पर उतरता दिख रहा है। विधायक ने कहा, चुनाव के दौरान मैंने इस क्षेत्र का दौरा किया था और ग्रामीणों की बदहाल जिंदगी को करीब से देखा था। उस वक्त मैंने वादा किया था कि यहाँ पक्की सड़क पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। आज तीन करोड़ उनसठ लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह चार किलोमीटर की सड़क सिर्फ दो गांवों को नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों और छात्र-छात्राओं के भविष्य को भी जोड़ेगी। विपक्षी दलों और नेताओं के सहयोग से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हम क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। बाढू पंचायत की इस सड़क के बनने से पिठौरिया और कांके प्रखंड के सुदूर इलाकों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आने वाले दिनों में यहाँ विकास की रफ्तार और तेज होगी।

शिलान्यास समारोह के दौरान विधायक सुरेश बैठा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अभियंताओं और संवेदक  को दो टूक लहजे में निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ठेकेदार को पूरी पारदर्शिता बरतने और प्राक्कलन के अनुरूप उच्च स्तरीय सामग्री का उपयोग करते हुए तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने की हिदायत दी, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इस पक्की सड़क का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *