Kanke Missing Girl News: जयपुर कांके से दो सगी बहनें गायब, तलाश में पुलिस और परिजन

अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

आरती : The Jan Sabha संवाददाता Kanke रांची

1 मई 2026

Kanke Missing Person News: राजधानी के कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव शक्ति नगर, जयपुर से दो नाबालिग सगी बहनों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चियों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार महतो की दो पुत्रियां, 16 वर्षीय मानसी कुमारी और 14 वर्षीय माही कुमारी, बीते 30 अप्रैल 2026 की रात लगभग 11 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गईं। जब परिजनों को उनके गायब होने का आभास हुआ, तो उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहाँ काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

लापता बच्चियों में बड़ी बहन मानसी कुमारी का कद लगभग 5 फीट और रंग सांवला है। गायब होने के समय उसने पीले रंग का कुर्ता और काले रंग का प्लाजो पहन रखा था। वहीं छोटी बहन माही कुमारी का कद भी 5 फीट के करीब है, लेकिन उसका रंग गोरा है और उसने सफेद रंग का कुर्ता व सफेद प्लाजो पहना हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) सह थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने बताया कि पुलिस बच्चियों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

साक्षी जमुआर ने आम जनता से विशेष अपील करते हुए कहा, नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी नागरिक को इन बच्चियों से मिलती-जुलती कोई भी संदिग्ध गतिविधि या जानकारी दिखे, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। समाज के सहयोग से ही हम जल्द से जल्द बच्चियों को उनके परिवार से मिला सकेंगे।

परिजनों ने भी आम जनता से भावुक अपील की है कि यदि किसी को भी इन बच्चियों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत मोबाइल नंबर 8709590371 पर या सीधे कांके थाना प्रभारी को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *