
The Jan Sabha संवाददाता, कांके (रांची): नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर मचे सियासी घमासान के बीच भाजपा महिला मोर्चा बुधवार को कांके के कैला महतो चौक पर विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी द्वारा आयोजित ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ में बड़ी संख्या में जुटी महिलाओं ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए विपक्षी दलों के रुख की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने विपक्ष का पुतला जला कर अपना विरोध दर्ज कराया।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद सदस्य सह रांची जिला उपाध्यक्ष सुषमा देवी ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने की कोशिश की जा रही है, तब विपक्षी दल इसमें अड़ंगा लगाकर अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि विपक्ष की दोहरी नीति अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है। कैला महतो चौक पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आधी आबादी अब अपने हक की लड़ाई को लेकर सजग है और विकास विरोधी ताकतों को करारा जवाब दिया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य रूप से संगीता देवी, राम लखन मुंडा, प्रभात भूषण, विकास मुंडा और शेख राम समेत दर्जनों नेता मौजूद थे। इनके अलावा प्रसिद्ध बैठा, सोनी देवी, पैरों देवी, रेशमी देवी, बनिता मेहता, सुमति देवी, नीतू कुमारी, सुषमा कुमारी, सुमित सिंह, सूचित सिंह और पुरूषोत्तम दास गोस्वामी सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आंदोलन को धार दी।
