राजधानी राँची में ऑनलाइन पेमेंट ऐप फोन पे के माध्यम से दुकानदारों को फर्जी भुगतान दिखाकर ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। लोअर बाजार थाना पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक SSP के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु कुमार पासवान (निवासी गिरिडीह, हाल मुकाम हजारीबाग) और विकास कुमार राणा (निवासी हजारीबाग) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दुकान से ठगी की गई दो महंगी बैटरियां और अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब कांटाटोली स्थित ‘नवा इंटरप्राइज’ के मालिक ने लोअर बाजार थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एक शातिर अपराधी ने मोबाइल नंबर 9135373483 से फोन पे के जरिए फर्जी ट्रांजैक्शन सक्सेसफुल पेमेंट का झूठा स्क्रीनशॉट दिखाकर दुकान से बैटरी ठग ली। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 109/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एक विशेष छापेमारी दल ने गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित एक लॉज में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
