Jamshedpur Murder Case: हिमांशु हत्याकांड’ के आरोपी नीरज सिंह को क्यों बचा रही है भाजपा?

जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

झारखंड के जमशेदपुर स्थित डबल डाउन बार में हुए दोहरे हत्याकांड को लेकर राज्य में सियासत पूरी तरह गर्मा गई है। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मुख्य विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए उस पर अपराधियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। झामुमो के बहरागोड़ा से विधायक समीर कुमार मोहंती और पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन द्वारा जारी एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में सीधे तौर पर कहा गया है कि जिस बार में यह निर्मम हत्या हुई, उसका मालिक भाजपा के व्यावसायिक प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नीरज सिंह है। झामुमो ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को कानून-व्यवस्था पर राजनीति करने और राज्य सरकार पर निराधार आरोप लगाने से पहले अपने खुद के दामन पर लगे खून के दाग देखने चाहिए।

सत्तारूढ़ दल ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से सीधे सवाल किए हैं कि 11 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद नीरज सिंह को पार्टी से निष्कासित क्यों नहीं किया जा रहा है? झामुमो का आरोप है कि पीड़ित युवाओं का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने महिलाओं से छेड़खानी का विरोध किया था, जिसके बाद नीरज सिंह के संरक्षण में पलने वाले गुंडों ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। वहीं, दूसरी ओर हेमंत सोरेन सरकार की त्वरित कार्रवाई का हवाला देते हुए झामुमो ने कहा कि घटना के तुरंत बाद बार को सील कर दिया गया है, लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के साथ ही दो जिलों के कप्तानो को हटा दिया गया है। पार्टी ने साफ संदेश दिया है कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, हेमंत सोरेन सरकार उसे किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगी और भाजपा को इस मुद्दे पर दोहरी मानसिकता छोड़ अपनी पार्टी के भीतर सफाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *