रांची: सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार ने गुरुवार को अपने मुख्यालय, रांची परिसर में एक ‘‘मोबाइल आई केयर वैन’’ को झंडी दिखाकर नव भारत जागृति केन्द्र (एनबीजेके), हजारीबाग के लिए रवाना किया। सीएमपीडीआई के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत 34.82 लाख रूपये लागत वाली मोबाइल आई केयर वैन एनबीजेके, हजारीबाग को उपलब्ध करायी गयी है। इस मौके पर निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/ईएस) सतीश झा, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी) अच्युत घटक, महाप्रबंधक (एचआरडी/सीएसआर) आरके महापात्रा एवं उनकी टीम, महाप्रबंधक व विभागाध्यक्षगण तथा एनबीजेके-हजारीबाग के सचिव श्री सतीश गिरिजा एवं उनकी टीम उपस्थित थी।
ट्रायल बाक्स, एलईडी चार्ट, पोर्टेबल स्लिट लैंप, रेटिनोस्कोप, नान-कांटैक्ट टोनोमीटर, एजिंग मशीन आदि उन्नत उपकरणों से सुज्जित मोबाइल आई केयर वैन झारखंड के तीन जिलों के सुदूरवर्ती गांवों में निवास करने वाले लोगों के द्वार पर मोतियाबिंद सहित विभिन्न अपवर्तक रोगों (नेत्र रोगों) की जांच एवं निदान तथा अपवर्तक त्रुटियों की पहचान, चश्में की पावर को इंगित करने तथा मौके पर ही चश्में की डिलीवरी कर व्यापक नेत्र सेवाएं सुनिश्चित करने में मददगार सिद्ध होगा।
सीएमपीडीआई द्वारा दिसम्बर, 2023 में मोबाइल आई केयर वैन प्रदान करने के लिए नव भारत जागृति केन्द्र (एनबीजेके), हजारीबाग के साथ एक एमओए पर हस्ताक्षर किया गया। झारखंड के सुदुरवर्ती गांवों में लोगों को घर-द्वार पर नेत्र देखभाल सुविधाएं प्रदान करने के लिए सीएमपीडीआई द्वारा शुरू की गयी यह अपनी तरह की पहली परियोजना है और इससे लगभग 10 हजार व्यक्ति प्रतिवर्ष लाभान्वित होंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
