20 लाख के करीब पहुंचे आवेदन, संस्थागत निवेशकों ने दिखाई जबरदस्त दिलचस्पी
कर्मचारी कोटा पूरी तरह भरा, शेयरधारकों का कोटा 89% सब्सक्राइब
मुंबई: जियो प्लेटफॉर्म्स के ₹30,213 करोड़ के आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। बुधवार दोपहर एक बजे तक महज चार घंटे में आईपीओ 1.66 गुना सब्सक्राइब हो गया। इस दौरान करीब 20 लाख आवेदन प्राप्त हुए। देश के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल इस निर्गम को संस्थागत निवेशकों के साथ रिलायंस के कर्मचारियों और शेयरधारकों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
संस्थागत निवेशकों की भारी मांग
आईपीओ में सबसे अधिक मांग बड़े संस्थागत निवेशकों की ओर से देखने को मिली। दोपहर एक बजे तक योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी 4.86 गुना सब्सक्राइब हो चुकी थी। वहीं, खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 49 प्रतिशत अभिदान दर्ज किया गया। कर्मचारियों के लिए आरक्षित कोटा पूरी तरह भर गया, जबकि रिलायंस के पात्र शेयरधारकों के लिए आरक्षित कोटे में 89 प्रतिशत अभिदान मिला।
शेयरधारकों और कर्मचारियों के लिए आरक्षण
रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए आईपीओ में ₹2,500 करोड़ तक के शेयर आरक्षित रखे गए हैं। वहीं, कर्मचारियों के लिए ₹500 करोड़ तक का कोटा निर्धारित है। पात्र शेयरधारक खुदरा और शेयरधारक, दोनों श्रेणियों में आवेदन कर सकते हैं। इससे उन्हें शेयर आवंटन के लिए एक अतिरिक्त अवसर मिलता है।
आईपीओ में आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित है। इससे पहले बुधवार सुबह महज 100 मिनट में आईपीओ पूर्ण अभिदान का आंकड़ा पार कर गया था। एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित करीब ₹8,110 करोड़ के शेयरों के मुकाबले भी ₹2.5 लाख करोड़ से अधिक की बोलियां मिलने की जानकारी दी गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
