देश में नए कोर मोबाइल ग्राहकों की बढ़ोतरी में जियो की 86 फीसदी हिस्सेदारी, एक्टिव यूजर्स की संख्या में भी हुई वृद्धि
रांची: रिलायंस जियो ने सितंबर महीने में मोबाइल ग्राहकों को जोड़ने के मामले में एयरटेल को काफी पीछे छोड़ दिया। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की रिपोर्ट पर आधारित DAM Capital और IIFL Capital के विश्लेषण के अनुसार, सितंबर में जियो ने 19 लाख नए कोर मोबाइल ग्राहक जोड़े, जबकि एयरटेल के ग्राहकों की संख्या में महज 2 लाख की बढ़ोतरी हुई। इस तरह जियो ने एयरटेल के मुकाबले करीब 10 गुना अधिक ग्राहक जोड़े।
मशीन-टू-मशीन (M2M) कनेक्शन को हटाकर की गई गणना के अनुसार, सितंबर में देशभर में कोर मोबाइल ग्राहकों की संख्या में कुल 22 लाख की वृद्धि हुई। इसमें अकेले जियो की हिस्सेदारी करीब 86 फीसदी रही।
एक्टिव मोबाइल यूजर्स के मामले में भी जियो ने बढ़त दर्ज की। DAM Capital की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में जियो के एक्टिव यूजर्स की संख्या 13 लाख बढ़ी। वहीं, एयरटेल के 2 लाख और वोडाफोन आइडिया के 3 लाख एक्टिव यूजर्स कम हुए। इसके बावजूद देश में कुल एक्टिव मोबाइल यूजर्स की संख्या में 6 लाख की वृद्धि दर्ज की गई।
कुल मोबाइल ग्राहक आधार की बात करें तो सितंबर के अंत तक जियो के पास 51.11 करोड़ ग्राहक थे। वहीं, एयरटेल के 49.43 करोड़, वोडाफोन आइडिया के 20.01 करोड़ और सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल के 9.43 करोड़ ग्राहक दर्ज किए गए। इन आंकड़ों में M2M कनेक्शन भी शामिल हैं।
क्या है कोर मोबाइल ग्राहक: कोर मोबाइल ग्राहकों की गणना में मशीनों और उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले M2M कनेक्शन को शामिल नहीं किया जाता। इससे वास्तविक मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या का बेहतर आकलन होता है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
