पिठोरिया में होटल सेल्समैन की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 50 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या

रांची
Share Now

द जन सभा | डेस्क

पिठोरिया थाना क्षेत्र में कृष्णा स्वीट्स होटल के सेल्समैन बानेश्वर गोड़ाई उर्फ राहुल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा कुमार उर्फ लंगड़ा,और अमित कुमार उर्फ बिट्टू, के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि हत्याकांड की साजिश के पीछे आपसी विवाद और आर्थिक लेन-देन से जुड़ा मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात पिठोरिया स्थित कृष्णा स्वीट्स होटल में काम करने वाले सेल्समैन बानेश्वर गोड़ाई उर्फ राहुल की हत्या कर दी गई थी। मृतक मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और पिठोरिया थाना क्षेत्र में होटल में काम करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पिठोरिया थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि होटल के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगड़ा और मृतक के बीच कथित तौर पर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, मृतक बानेश्वर गोड़ाई अक्सर होटल में पूजा करने आता था, जिस दौरान होटल मालिक की पत्नी के साथ उसकी बातचीत को लेकर आरोपी नाराज रहता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मृतक की टिप्पणी से आरोपी खुद को अपमानित महसूस करता था। पुलिस ने आगे बताया कि होटल में बिक्री कम होने और आर्थिक नुकसान की बात भी जांच में सामने आई है। आरोप है कि कृष्णा कुमार ने मृतक की हत्या कराने की योजना बनाई और अमित कुमार उर्फ बिट्टू के साथ मिलकर साजिश रची। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के बदले 50,000 रुपये देने की बात तय हुई थी, जबकि अग्रिम के तौर पर 7,000 रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस कथित सुपारी और साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना की रात आरोपियों ने कथित रूप से योजना को अंजाम दिया और मृतक को पिठोरिया थाना क्षेत्र के करकट्टा मोड़ के पास ले जाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ का सहारा लिया। मामले में अन्य संभावित साक्ष्यों और घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा कुमार उर्फ लंगड़ा, उम्र 29 वर्ष, पिता गोपाल महतो, निवासी पिठोरिया कोयरी मुहल्ला, थाना पिठोरिया, तथा अमित कुमार उर्फ बिट्टू, उम्र 22 वर्ष, पिता जगदीश महतो, निवासी ग्राम बघरा, थाना पिपरवार, जिला चतरा, वर्तमान पता पिठोरिया नीचे टोला, रांची शामिल हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस नेआरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (नंबर JH01CE-8795), एक मोबाइल फोन, मृतक का एक मोबाइल फोन, DVR-01, वाई-फाई राउटर-02 और स्कूटी-01 सहित अन्य सामान जब्त किए गए हैं। जब्त सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है। हत्याकांड के उद्भेदन में रांची पुलिस की छापामारी टीम और तकनीकी शाखा के अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय में साक्ष्यों के आधार पर होगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

100%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *