सहायक पुलिस अधीक्षक साक्षी जमुआर के नेतृत्व में बड़ी सफलता, थाना क्षेत्र से रंगे हाथ पकड़े गए चार कुख्यात चोर

अपराध अभी अभी जन सभा विशेष
Share Now

The Jan Sabha संवाददाता, कांके (रांची): राजधानी के कांके थाना क्षेत्र में पुलिस को अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सहायक पुलिस अधीक्षक और वर्तमान में कांके थाना की कमान संभाल रहीं साक्षी जमुआर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जोड़ा पूल स्थित अमर स्टोर में चोरी करते हुए चार विधि निरुद्ध बालकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है।


सीसीटीवी की मदद से शिकंजा, थानेदार की तत्परता


घटना सोमवार रात करीब दो बजे की है, जब अपराधियों ने चौड़ी बस्ती निवासी अमर कुमार की दुकान का ताला तोड़ा। दुकानदार ने अपने मोबाइल पर सीसीटीवी एक्सेस के जरिए चोरों को लाइव देखा और तत्काल पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहीं साक्षी जमुआर ने सूचना मिलते ही अपनी टीम को अलर्ट किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से चारों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया, जो दुकान से गैस सिलेंडर, टीवी और बैग चोरी कर भागने की फिराक में थे।

इस अभियान में कुणाल कुमार और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों राजकुमार तिग्गा, मंगल हेंब्रम व रविशंकर सिंह का अनुभव और रणनीति बेहद कारगर साबित हुई। कुणाल कुमार ने बताया कि पकड़े गए बालकों ने पूछताछ में पिछले कई वर्षों से इलाके की दर्जनों दुकानों और घरों में सेंधमारी करने की बात स्वीकार की है।


दर्ज हुआ मामला, छापेमारी जारी


मामले की जानकारी देते हुए प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर ने बताया कि दुकानदार के आवेदन पर कांके थाना कांड संख्या-92/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पकड़े गए चारों आरोपियों को बुधवार को बाल सुधार गृह भेज दिया है। जमुआर ने स्पष्ट किया कि इन बालकों ने अपने गिरोह के अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल गठित कर अभियान चलाया जा रहा है।


क्षेत्र में पुलिस की दबिश से अपराधियों में हड़कंप


आईपीएस साक्षी जमुआर की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की ओर से यह संदेश दिया गया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोहों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है जहाँ यह गिरोह चोरी का सामान बेचा करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *