द जन सभा
थाना क्षेत्र के बरेटडीह गांव में जमीन के आपसी विवाद में एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना बीते 24 जून दोपहर की है, जब गांव के 70 वर्षीय बुजुर्ग गोविंद महतो अपने खेत में धान का बीज डालने गए थे। बीज बोने के बाद जब वे पास के एक पेड़ की छांव में आराम कर रहे थे, तभी गांव के ही आरोपी कुईला महतो (50 वर्ष) ने पीछे से आकर उनके ऊपर लोहे की दाउली (धारदार हथियार) से वार कर दिया। आरोपी ने बुजुर्ग की गर्दन पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद और अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था।

घटना के संबंध में मृतक के पुत्र रामायण महतो द्वारा तमाड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 351(1) के तहत मामला दर्ज किया। तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम (जिसमें पु०अ०नि० गणेश चौड़े, पु०अ०नि० निमाई सोरेन और सशस्त्र बल शामिल थे) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी लोहे की दाउली भी विधिवत बरामद कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
