सिमरिया के विधायक कुमार उज्वल दास ने रांची में मत्स्य निदेशक अमरेंद्र कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में मत्स्य पालन के विकास, मत्स्य पालन प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन केंद्र की स्थापना सहित मत्स्य किसानों के हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

विधायक ने निदेशक से क्षेत्र में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा स्थानीय मत्स्य पालकों को आधुनिक सुविधाएँ एवं सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने का विशेष आग्रह किया।
इस दौरान विधायक कुमार उज्वल दास ने कहा कि सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में मत्स्य पालन की असीम संभावनाएँ हैं और यहाँ के किसानों व युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में एक आधुनिक मत्स्य पालन प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन केंद्र की स्थापना होने से स्थानीय स्तर पर ही लोगों को उन्नत तकनीक की जानकारी मिल सकेगी, जिससे उत्पादन बढ़ेगा और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
विधायक ने विश्वास जताया कि विभाग के सहयोग से सिमरिया के मत्स्य पालकों को जल्द ही सभी सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में नीली क्रांति को एक नई दिशा मिलेगी।
