प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में मोहर्रम का पर्व अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में भव्य ताजिया जुलूस और आकर्षक झांकियां निकाली गईं। पूरा क्षेत्र या हुसैन और अल्लाहु अकबर के नारों से गूंज उठा। मुस्लिम समुदाय के लोग गाजे-बाजे के साथ टंडवा बाजार टांड़ मैदान पहुंचे, जहां आकर्षक और ऊंचे ताजिए लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान खिलाड़ियों ने लाठी, भाला और पारंपरिक युद्ध कलाओं का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

बाजार टांड़ में आयोजित लाठी खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन बीडीओ देवलाल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक रामजीत सिंह, समाजसेवी सुभाष दास और मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद रिजवान ने संयुक्त रूप से लाठी खेलकर किया। इस मौके पर अंचल निरीक्षक प्रकाश कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नितेश कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और आपसी सौहार्द के बीच प्रशासन की मुस्तैदी से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

