रांची: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई), रांची में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यपालक निदेशक (एमटीआई एवं एसएसओ) संजय धर ने अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए की।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाना जरूरी है। इसके बाद एमटीआई परिसर और आसपास के श्यामली कॉलोनी क्षेत्र में अधिकारियों एवं कर्मियों ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्वच्छ एवं सुंदर परिसर बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर एमटीआई के मुख्य महाप्रबंधक श्रीमंत मल्लिक ने कहा कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एमटीआई के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
