रांची में 10 दिसंबर को क्रिसमस का महाजश्न, लोयला से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकलेगी भव्य शोभायात्रा

रांची
Share Now

झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन की ओर से 10 दिसंबर 2026 को रांची में भव्य क्रिसमस कार्निवल का आयोजन होगा। लोयला से डंगरा टोली होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक निकलेगी शोभायात्रा, प्रेम, शांति, भाईचारे और सामाजिक एकता का दिया जाएगा संदेश।

द जन सभा | डेस्क | रांची

झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन (JCYA) की ओर से आयोजित होने वाले क्रिसमस कार्निवल 2026 के पोस्टर का शुक्रवार, 20 नवंबर को मोरहाबादी स्थित गेस्ट हाउस सभागार में विधिवत लोकार्पण किया गया। पोस्टर लॉन्चिंग कार्यक्रम में मसीही समाज के धर्मगुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी क्रिसमस कार्निवल की तैयारियों, आयोजन की तारीख और प्रस्तावित मार्ग की जानकारी साझा की गई। एसोसिएशन के मुताबिक, इस वर्ष क्रिसमस कार्निवल 10 दिसंबर 2026 को निकाला जाएगा। कार्निवल की शुरुआत लोयला से होगी, जो डंगरा टोली चौक होते हुए राजधानी के अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचेगा। आयोजन का उद्देश्य क्रिसमस के संदेश प्रेम, शांति, भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द को आम लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही इस आयोजन के जरिए झारखंड की मसीही संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक एकजुटता की झलक भी देखने को मिलेगी। आयोजकों का कहना है कि क्रिसमस कार्निवल केवल एक धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विभिन्न समुदायों के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने का भी माध्यम है।

पोस्टर लॉन्चिंग समारोह में झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन के केंद्रीय संरक्षक सुजीत कुजूर, केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा, केंद्रीय महासचिव विकास तिर्की, अमरदीप करकेट्टा, गोबिंद टोप्पो, आकाश बारा, आकाश तिर्की और निश्छल सोय मौजूद रहे। वहीं, झारखंड बिशप काउंसिल की ओर से बिशप अनिल रेवन, बिशप सुरेश सांगा, जयवंत तिर्की और मनमोहन पंडा ने कार्यक्रम में भाग लिया। लोयला छात्रावास के अध्यक्ष मंडल से अनलदीप कुजूर, बसंत एक्का, सुमित लकड़ा, पुनीत लकड़ा, पिंगल कुजूर और प्रोफेसर बिलासीयूसिस पन्ना भी उपस्थित रहे। इसके अलावा सिविल सोसाइटी और झारखंड क्रिश्चियन फ्रंट की ओर से कुमुदनी प्रभावती तथा ऑल इंडिया क्रिश्चियन माइनॉरिटी फ्रंट से प्रवीण कच्छप, प्रदीप बड़ाइक, सोनू लोहरा और माइकल कच्छप समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इस मौके पर एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा ने कहा कि क्रिसमस कार्निवल वर्षों से मसीही समाज को एकजुट करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, शांति एवं मानवता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी कार्निवल को भव्य, उत्साहपूर्ण और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता के साथ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। एसोसिएशन ने मसीही समाज, चर्च के धर्मगुरुओं, युवाओं और राजधानी के आम नागरिकों से 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले क्रिसमस कार्निवल में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *