
द जन सभा | डेस्क | रांची
सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में हुई गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पिछले दिनों अपराधियों ने मिथिलेश कुमार की उनके घर के पास सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। 18 लाख रुपये बना हत्या की वजह! पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि 18 लाख रुपये उधार वापस नहीं करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई थी।
छह आरोपी गिरफ्तार, कई की तलाश जारी। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, प्राप्त आसूचना और अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर घटना में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू (39), विवेक कुमार उर्फ छोटू (33), आयुष कुमार सिंह (23), नितिन गुप्ता (28), राहुल कुमार (23) और रोहित सिंह उर्फ देवा (26) के रूप में हुई है। सभी आरोपी रांची जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 11 मोबाइल, दो कार और स्कूटी बरामद। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा एक काले रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार, एक सफेद रंग की हुंडई i20 कार (JH01DT8606), एक काले रंग की स्कूटी (JH01DQ9573) और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस इन बरामद सामानों को जांच के अहम साक्ष्य के रूप में देख रही है।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी उजागर। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आयुष कुमार सिंह के खिलाफ लालपुर थाना में वर्ष 2023 का कांड संख्या 201/23 और कोतवाली थाना में कांड संख्या 356/23 दर्ज है। वहीं, नितिन गुप्ता के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 141/24, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। 15 पुलिस पदाधिकारियों और तकनीकी टीम ने संभाला मोर्चा। इस हत्याकांड के उद्भेदन में एएसपी कोतवाली निखिल राय, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा समेत विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल रहे। इसके अलावा एसएसपी रांची की तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल ने भी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
