Rath Mela 2026: रातू गढ़ में 350 साल पुरानी ऐतिहासिक रथ यात्रा की तैयारियां शुरू

अभी अभी जन सभा विशेष स्पेशल स्टोरी
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

झारखंड की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर माने जाने वाले रातू गढ़ में इस वर्ष की रथ यात्रा को भव्य और सुरक्षित बनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। लगभग 350 साल पुरानी इस ऐतिहासिक परंपरा की रूपरेखा तय करने के लिए रातू गढ़ किले में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता रातू गढ़ राजपरिवार की राजकुमारी बड़ी मणि माधुरी मंजरी ने की। बैठक में डीएसपी अजय आर्यन, रातु थाना प्रभारी व कई वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया, जहाँ रथ यात्रा के रूट, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

रातू गढ़ राजपरिवार की राजकुमारी माधुरी मंजरी ने इस अवसर पर कहा कि यह रथ यात्रा न केवल इस क्षेत्र की आस्था का केंद्र है, बल्कि हमारी पहचान भी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पारंपरिक रीति-रिवाजों को अक्षुण्ण रखते हुए इस बार आधुनिक सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन की ओर से भी आयोजन स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, पेयजल, सचल शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की तैनाती का भरोसा दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों को लेकर डीएसपी अजय आर्यन ने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र और रथ यात्रा मार्ग की निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। डीएसपी ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को दें।

गौरतलब है कि रातू गढ़ की रथ यात्रा का इतिहास सदियों पुराना है, जिसे स्थानीय लोग श्रद्धा से छोटा पुरी भी कहते हैं। मान्यताओं के अनुसार, मुगल काल में रातू गढ़ के राजा को भगवान जगन्नाथ ने स्वप्न में दर्शन देकर इस यात्रा को शुरू करने का आदेश दिया था, जिसके बाद से हर साल आषाढ़ महीने में यह त्रिविध उत्सव मनाया जाता है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *