
द जन सभा |डेस्क |रांची
मानसिक स्वास्थ्य के उपचार के लिए रिनपास पहुंचने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी खुशखबरी है। खुशखबरी यह है कि रिनपास में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों का इलाज शुरू हो गया है। इस सुविधा के शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब पात्र मरीज आयुष्मान कार्ड के माध्यम से यहां भर्ती होकर अपना इलाज करा सकेंगे। खास बात यह है कि योजना के तहत पात्र मरीजों को उपचार के लिए अपनी जेब से कोई शुल्क नहीं देना होगा। मानसिक बीमारियों से जूझ रहे ऐसे मरीज, जिनके परिवार आर्थिक तंगी के कारण बेहतर इलाज कराने में असमर्थ थे, उनके लिए यह पहल किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। रिनपास में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज के लिए पहले मरीज का पंजीकरण किया जा चुका है। संस्थान में इस सुविधा को व्यवस्थित रूप से शुरू करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मरीजों की जरूरत और बीमारी की स्थिति के अनुसार विभिन्न प्रकार की दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना के तहत दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। संस्थान को उम्मीद है कि इस सुविधा का लाभ हर महीने इलाज के लिए रिनपास पहुंचने वाले दो हजार से अधिक मरीजों को मिल सकेगा।
इस अवसर पर रिनपास की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई ने कहा कि संस्थान में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत इलाज की सुविधा शुरू होना गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। मानसिक स्वास्थ्य का उपचार भी उतना ही जरूरी है जितना शारीरिक बीमारियों का इलाज। आर्थिक अभाव के कारण किसी मरीज का उपचार प्रभावित नहीं होना चाहिए। इस योजना के माध्यम से पात्र मरीजों को आर्थिक चिंता से राहत मिलेगी और वे बेहतर तरीके से अपना इलाज करा सकेंगे। संस्थान का प्रयास है कि मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। सुविधा को धरातल पर उतारने में रिनपास की निदेशक डॉ. जयति सिमलाई, उपनिदेशक मिथिलेश चौधरी, चिकित्सा अधीक्षक, उप चिकित्सा अधीक्षक, मनोचिकित्सकों और ओपीडी कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्थान के डॉक्टरों ने बताया कि मानसिक बीमारी को लेकर समाज में अब भी कई तरह की भ्रांतियां और आर्थिक चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से इलाज की सुविधा उपलब्ध होना मरीजों और उनके परिजनों के लिए उम्मीद की नई किरण है। और जो परिवार मानसिक बीमारी से जूझ रहे परिवार के किसी सदस्य का इलाज पैसों को आभाव में कराने में असमर्थ थे वैसे लोगों के लिए रिनपास में आयुष्मान की यह पहल ऐसे परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
