द जन सभा | चतरा| गणेश प्रसाद
एनटीपीसी में 18 नवंबर को हुए कन्वेयर बेल्ट हादसे में तीन मजदूरों की मौत के मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में एनटीपीसी और थिसेनक्रुप समेत दूसरी कंपनियों के 11 अधिकारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। केस दर्ज होने के बाद कंपनी के अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। मृतक मजदूर राजेंद्र सोनी की पत्नी लक्ष्मी देवी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही बरतने और मजदूरों को बिना जरूरी सुरक्षा उपकरणों के काम कराने का आरोप लगाया गया है। हादसे में तीन मजदूरों की जान जाने के बाद अब कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं इस मामले में एनटीपीसी के एजीएम एआर तन्मय दास, अभिषेक कुमार, निखिल गुप्ता और अंजन भुइयां के अलावा थिसेनक्रुप के संचालक डीके सिंह, आरके सिंह, पीके सिंह समेत कुल 11 अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच एसआई अरविंद कुमार रविदास को सौंपी गई है। पुलिस अब हादसे के कारणों और कंपनी प्रबंधन की भूमिका की जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मजदूर कन्वेयर बेल्ट पर काम कर रहे थे, तब उनकी सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे? अगर सुरक्षा में लापरवाही हुई, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।
इधर, केस दर्ज होने के बाद मृतक राजेंद्र सोनी की पत्नी लक्ष्मी देवी की ओर से डीएसपी को दिया गया शपथ-पत्र भी चर्चा में है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि वह अपने पति की मौत के बाद बीमा राशि से जुड़ी प्रक्रिया के लिए अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कराने थाने गई थीं। लक्ष्मी देवी का कहना है कि वह पढ़ी-लिखी नहीं हैं और सिर्फ हस्ताक्षर करना जानती हैं। उन्हें आवेदन में लिखी बातों और दर्ज की गई गंभीर धाराओं की पूरी जानकारी नहीं थी। उनके इस आवेदन के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर शिकायतकर्ता की मंशा क्या थी और उनके बयान के आधार पर किन परिस्थितियों में इतनी गंभीर प्राथमिकी दर्ज की गई? वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी विपिन कुमार का कहना है कि लिखित आवेदन और उसमें दिए गए तथ्यों के आधार पर ही प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक तरफ तीन मजदूरों की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं, तो दूसरी तरफ शिकायतकर्ता के शपथ-पत्र ने पूरे मामले को उलझा दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या सामने आता है और हादसे के लिए वास्तव में कौन जिम्मेदार है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
