द जन सभा | डेस्क | रांची
नवंबर में होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले राज्य की सियासत गरमा गई है। विशेष सत्र में किन मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव होगा, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष की रणनीति को धार देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से सत्ताधारी गठबंधन के सभी मंत्रियों और विधायकों के साथ उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक की। बैठक में विशेष रूप से एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा सदन में सत्ता पक्ष पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ उतरेग। विशेष सत्र में सबसे बड़ा मुद्दा केंद्र सरकार का खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 रहने की संभावना है। झारखंड सरकार और सत्ताधारी गठबंधन की चिंता इस बात को लेकर है कि नए कानूनी प्रावधानों से खनिज संपदा पर राज्य के वित्तीय अधिकार और खनिज-धारित भूमि पर उपकर लगाने की शक्तियां प्रभावित हो सकती हैं। खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के लिए यह केवल कानूनी बहस नहीं, बल्कि राज्य के राजस्व और विकास से जुड़ा बेहद अहम सवाल है। सत्ता पक्ष का तर्क है कि यदि खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व पर राज्य के अधिकार सीमित होते हैं तो इसका सीधा असर सरकारी खजाने पर पड़ेगा। इससे गरीबों, आदिवासियों, किसानों और जरूरतमंदों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बजट पर भी दबाव बढ़ सकता है। यही वजह है कि हेमंत सोरेन सरकार इस मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाने की तैयारी कर रही है।

MMDR के साथ-साथ एसआईआर की प्रक्रिया भी विशेष सत्र में सियासी बहस का बड़ा केंद्र बन सकती है। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जारी नोटिस, लंबित सुनवाई और आम मतदाताओं के सामने आ रही परेशानियों को सदन में प्रमुखता से उठाया जाए। सत्ता पक्ष का कहना है कि मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया के नाम पर किसी भी योग्य नागरिक का मताधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। खासकर आदिवासी, गरीब और वंचित तबकों के लोगों को दस्तावेजों तथा सुनवाई की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पारदर्शिता और पर्याप्त समय जरूरी है। बैठक में एसआईआर की समय-सीमा बढ़ाने और पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग को भी प्रमुखता से रखने पर विचार किया गया। इस मुद्दे के जरिए सत्ता पक्ष चुनावी अधिकारों और लोकतांत्रिक भागीदारी को लेकर केंद्र सरकार से सवाल पूछने की तैयारी में है।
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू ने भी एमएमडीआर और एसआईआर को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि खनिज संपदा से जुड़े फैसलों में खनिज उत्पादक राज्यों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, नए कानूनी प्रावधानों से राज्यों की वित्तीय शक्तियां प्रभावित होने की आशंका है और इसका असर झारखंड जैसे खनिज संपन्न राज्य पर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि खनिज राजस्व में कमी आने से राज्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है। वहीं एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में नोटिस जारी होने और कई मामलों की सुनवाई लंबित रहने के बीच जल्दबाजी उचित नहीं है। आम नागरिकों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने की नौबत न आए । मुख्यमंत्री के साथ हुई वर्चुअल बैठक में सत्ता पक्ष के विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की जमीनी स्थिति और जनता के बीच उठ रहे सवालों से भी अवगत कराया। विधायकों ने एमएमडीआर कानून के संभावित प्रभावों और एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर लोगों की चिंताओं को सामने रखा। बैठक में इस बात पर भी मंथन हुआ कि विशेष सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले सवालों का जवाब किस तरह दिया जाए। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिया कि वे संबंधित विषयों की पूरी जानकारी, जरूरी तथ्यों और ठोस तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहें। सरकार की कोशिश है कि किसी भी मुद्दे पर सत्ता पक्ष के भीतर भ्रम या मतभेद की स्थिति न बने और सभी विधायक एक ही राजनीतिक लाइन पर अपनी बात रखें। साफ है कि मुख्यमंत्री इस बार सदन में केवल जवाब देने की रणनीति नहीं, बल्कि अपने मुद्दों को आक्रामक तरीके से उठाने की तैयारी में हैं। झारखंड की राजनीति में इस विशेष विधानसभा सत्र को बेहद अहम माना जा रहा है। एक तरफ एमएमडीआर कानून के जरिए खनिज संपदा और राज्य के वित्तीय अधिकारों का सवाल है, तो दूसरी तरफ एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता का मुद्दा। दोनों ही विषयों पर सत्ता पक्ष केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में है। जेएमएम, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के बीच इस मुद्दे पर एकजुटता दिखाने की कोशिश भी साफ नजर आ रही है। अब सबकी नजरें 25 और 26 नवंबर को विधानसभा के भीतर होने वाली बहस पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या हेमंत सोरेन सरकार विशेष सत्र में केंद्र के खिलाफ कोई बड़ा राजनीतिक संदेश देगी? क्या एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष को बैकफुट पर धकेल पाएगी? इन सवालों का जवाब आने वाले दो दिनों में झारखंड की विधानसभा की कार्यवाही से सामने आएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
