खलारी में कोयला लदे हाईवा में आग लगाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कार बरामद

रांची
Share Now

द जन सभा | डेस्क | रांची

खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में कोयला लदे हाईवा में आग लगाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक देसी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी, कलीम अंसारी और मो. मोजम्मील के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 8 नवंबर को बड़कीटांड़ में कोयला लदे हाईवा में अज्ञात अपराधियों ने आग लगा दी थी। घटना के बाद खलारी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम लगातार तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी।

इसी दौरान 22 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ आरोपी लेवी की रकम नहीं मिलने के कारण दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने के लिए कार से खलारी की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआईटी ने बलथरवा इलाके में वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिजुपाड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी सवार थे। पूछताछ में तीनों ने हाईवा में आग लगाने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मो. मोजम्मील का नाम भी बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मो. मोजम्मील इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड है। वह पहले मोहित मिनरल कंपनी में काम करता था, लेकिन कुछ दिन पहले कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसी बात को लेकर वह कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाना चाहता था।

पुलिस का कहना है कि मो. मोजम्मील ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार की रेकी भी की थी। आरोपियों ने सूरज कुमार को नुकसान पहुंचाने के इरादे से उसके वाहन और घर की जानकारी जुटाई थी। इसके बाद सभी ने मिलकर कोयला लदे हाईवा में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, हसन अंसारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बैंक डकैती मामलों में जेल जा चुका है। ओडिशा के रेंगाली थाना में उसके खिलाफ बैंक डकैती से जुड़ा मामला भी दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों में अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और मो. मोजम्मील खलारी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कलीम अंसारी चान्हो थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में खलारी के पुलिस उपाधीक्षक, खलारी थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा, एसआई कपिलदेव यादव, एसआई रवि कुमार सोनी समेत पुलिस के अन्य जवान शामिल थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *