एसएसपी रांची के निर्देश पर बुधवार को कांके थाना परिसर में ‘जन शिकायत समाधान शिविर’ का आयोजन किया गया। कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और उनका मौके पर ही कानूनी रूप से समाधान करना था। सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जहां पुलिस प्रशासन उनकी समस्याओं के त्वरित निपटारे में जुटा रहा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों को सुना। शिविर के दौरान विशेष रूप से भूमि विवाद, आपसी मारपीट, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था, नशाखोरी और कानून-व्यवस्था से जुड़ी अन्य गंभीर शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की गई। इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने बताया कि इस पहल से न केवल जनता की समस्याओं का विधिसम्मत समाधान होगा, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच आपसी समन्वय व विश्वास भी मजबूत होगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
