Crime News: प्रेम प्रसंग में प्रेमिका की हत्या कर शव नदी किनारे दफनाया, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

अपराध
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शक के आधार पर अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कांची नदी के किनारे बालू में दफन कर दिया। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 27 जून को कांची नदी के पास से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश और दशम फॉल थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी अनुसंधान और तफ्तीश के बाद मृतका की पहचान खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली हिस्सी कुमारी के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि इस हत्याकांड को 23 जून को ही अंजाम दे दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग और आपसी शक से जुड़ा हुआ है। मृतका हिस्सी कुमारी का प्रेम प्रसंग आरोपी चेतन मुंडा के साथ चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने कुछ समय पहले अपनी प्रेमिका को किसी दूसरे युवक के साथ देख लिया था, जिसे लेकर वह उस पर शक करने लगा था। घटना के दिन जब चेतन ने इस बारे में हिस्सी से पूछताछ की, तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर चेतन मुंडा ने गुस्से में हिस्सी के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने पास खड़े एक ट्रैक्टर से कुदाल निकाली और कांची नदी के किनारे बालू में गड्ढा खोदकर शव को छिपा दिया।

हालांकि, पिछले दिनों इलाके में हुई लगातार बारिश के कारण बालू हट गई और दफनाया गया शव बाहर आ गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शक के आधार पर जब चेतन मुंडा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। इस सफल उद्भेदन और छापेमारी दल में एसडीपीओ ओमप्रकाश, दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक अनिल मोहाली मुख्य रूप से शामिल थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *