द जन सभा
रांची के कांके थाना क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस की टीम सड़कों पर उतरकर एंटी क्राइम चेकिंग के साथ-साथ शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की कड़ाई से जांच कर रही है। इस विशेष अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद ग्रामीण एसपी और कांके थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुणाल कुमार सहित कई अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मोर्चा संभाले हुए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले चालकों और हुड़दंगियों में हड़कंप मच गया है।

इस चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस मुख्य सड़कों और संवेदनशील चौराहों पर हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की बारीकी से तलाशी ले रही है। इसके साथ ही ब्रेथ एनलाइजर मशीन के जरिए वाहन चालकों के शराब पीने की भी जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और रात के समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए यह चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर किसी भी हाल में गाड़ी न चलाएं, पकड़े जाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
