द जन सभा | निरंजन
बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (BAU) परिसर से कीमती पाइप चुराते दो चोरों को कांके पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मुस्तैदी दिखाते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोंदा थाना क्षेत्र के भिट्ठा बस्ती निवासी आफताब आलम, पिता- हातिम अंसारी, और सुल्तान मल्लिक, पिता- स्वर्गीय शमीम अली, के रूप में की गई है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ दोनों आरोपियों को मौके से दबोचा, बल्कि उनके पास से चोरी किए गए पाइप भी बरामद कर लिए हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में कांड संख्या 120/26 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने कड़े शब्दों में कहा कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और चोरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। आगे उन्होंने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
