
JMM-Congress Demands Bharat Ratna For Shibu Soren : Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की झारखंड इकाई ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पूर्व मुख्यमंत्री गुरुजी शिबू सोरेन को मरणोपरांत भारत रत्न, उनके नाम पर जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना किया जाय साथ ही मोरहाबादी स्थित शिबू सोरेन के आवास को विरासत स्थल घोषित किया जाय.
भारत रत्न के हकदार हैं दिशोम गुरु शिबू सोरेन : विनोद

झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने एक बयान जारी कर भारत सरकार से अपील की है कि झारखंड राज्य के निर्माता, सामाजिक न्याय के अप्रतिम योद्धा और दिशोम गुरु के नाम से समूचे आदिवासी समाज में पूज्य शिबू सोरेन को भारत रत्न देने पर गंभीरता से विचार करे. गुरुजी का जीवन संघर्षशील, प्रेरणादायी और जन-सरोकारों से ओतप्रोत रहा है.
आदिवासी चेतना के वाहक थे गुरुजी : झामुमो महासचिव
झामुमो केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि गुरुजी न केवल एक राजनेता थे, बल्कि वे आदिवासी चेतना के वाहक, शोषित-वंचित वर्ग के सशक्त प्रवक्ता और सामाजिक क्रांति के प्रतीक थे. उन्होंने नशाखोरी और महाजनी प्रथा के खिलाफ जबरदस्त आंदोलन खड़ा किया, जिससे झारखंड के दूर-दराज के गांवों में चेतना फैली. शिक्षा के क्षेत्र में भी गुरुजी ने अनेक पहल की, ताकि आदिवासी समाज ज्ञान के माध्यम से सशक्त हो सके.
कांग्रेस ने शिबू सोरेन को रांची में दी श्रद्धांजलि
झारखंड कांग्रेस ने पार्टी मुख्यालय रांची में एक शोक सभा आयोजित की और झामुमो के सह-संस्थापक को श्रद्धांजलि दी. प्रदेश अध्यक्ष, मंत्रियों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों सहित कांग्रेस सदस्यों ने झारखंड के लिए शिबू सोरेन के योगदान को याद किया और राज्य को लेकर उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया.
झारखंड के लिए गुरुजी का बलिदान अविस्मरणीय : केशव
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने शोक सभा के बाद संवाददाताओं से कहा कि झारखंड के लिए गुरुजी का योगदान और बलिदान अविस्मरणीय है. इसलिए, हमने अपने दोनों सांसदों को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का अनुरोध किया है.
शिबू के आवास को विरासत स्थल घोषित करने की मांग
श्री महतो ने आगे कहा, ‘हम उनके नाम पर एक जनजातीय विश्वविद्यालय की भी मांग करते हैं और उनके आवास को विरासत स्थल घोषित किया जाना चाहिए, ताकि लोग राज्य के लिए उनके योगदान को देख सकें.’
आदिवासी समाज के मार्गदर्शक थे शिबू सोरेन- कच्छप
खिजरी से कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि दिशाेम गुरु शिबू सोरेन खासकर शोषितों, वंचितों और आदिवासी समाज के सामाजिक राजनीतिक विचारधारा और मार्गदर्शक थे. उन्होंने कहा कि वह हमेशा ‘जल, जंगल और जमीन’ के लिए लड़ते रहे. उनका निधन सभी के लिए एक बड़ी क्षति है. कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री के अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
