Ranchi News: राजीव रंजन मिश्रा की गिरफ्तारी राजनीतिक साजिश, हो निष्पक्ष जांच: आदित्य साहू

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड राजनीति
Share Now

द जन सभा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा नेता राजीव रंजन मिश्रा की गिरफ्तारी को एक बड़ा षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि राजीव रंजन मिश्रा का अब तक का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह बेदाग रहा है। इस पूरे मामले में गहरी राजनीतिक दुर्भावना की बू आ रही है। सरकार को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच करानी चाहिए ताकि ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो सके।

​परिजनों से मिलकर साझा किया दुख-दर्द

​भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बड़ा तालाब स्थित राजीव रंजन मिश्रा के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली और उनका ढांढस बंधाया। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिना किसी निष्पक्ष जांच के राजीव रंजन मिश्रा की आनन-फानन में की गई गिरफ्तारी यह साबित करती है कि झारखंड में कानून का राज नहीं है, बल्कि प्रशासन सत्ता के इशारे पर काम कर रहा है।

​विपक्ष की आवाज दबा रही हेमंत सरकार

​हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में विपक्ष की आवाज को दबाने और भाजपा कार्यकर्ताओं में खौफ पैदा करने के लिए प्रशासन का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है। राज्य में इस समय लोकतंत्र नहीं, बल्कि सत्ता प्रायोजित प्रतिशोध की राजनीति चल रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई आरोप है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन बिना किसी ठोस तथ्य और सबूत के इस तरह की दमनकारी कार्रवाई केवल और केवल राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।

​निर्दोष को अपराधी की तरह पेश करना गलत

​आदित्य साहू ने मामले के घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी के बुलावे पर किसी स्थान पर जाता है और वहां कोई आपराधिक तत्व मौजूद होता है, तो मात्र संदेह के आधार पर किसी निर्दोष को अपराधी की तरह पेश करना कतई उचित नहीं है। मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि घटनास्थल से कुछ सामान जरूर बरामद हुआ है, लेकिन प्रशासन जिस मुख्य व्यक्ति की तलाश कर रहा था, उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इसके बावजूद राजनीतिक लाभ लेने के लिए राजीव रंजन मिश्रा और उनके पुत्र पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

​अविलंब रिहाई की मांग, जारी रहेगा आंदोलन

​प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि वह इस दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई को तुरंत वापस ले, मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए और राजीव रंजन मिश्रा को अविलंब रिहा करे। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि भाजपा अन्याय, दमन और राजनीतिक प्रताड़ना के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई जारी रहेगी।

​ये रहे उपस्थित

​परिजनों से मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अशोक बड़ाईक, राकेश भास्कर, प्रेम मित्तल और अरुण झा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *