RANCHI NEWS: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का राज्यव्यापी प्रदर्शन, PM MODI का जलाया पुतला

अभी अभी जन सभा विशेष राजनीति
Share Now

द जन सभा, डेस्क

महंगाई और पेट्रोल, डीजल, सीएनजी सहित दूध-दही जैसी रोजमर्रा की चीजों के आसमान छूते दामों के विरोध में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस पूरे विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया।

जनता संकट में और सरकार चुनाव प्रचार में व्यस्त: केशव महतो

प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जब देश की आम जनता कमरतोड़ महंगाई और गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही थी, उस समय केंद्र सरकार पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में व्यस्त थी। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज भी सरकार को आम लोगों को राहत देने की कोई फिक्र नहीं है, बल्कि उसका पूरा ध्यान घरेलू समस्याओं को सुलझाने के बजाय विदेशी दौरों पर लगा हुआ है।

आम जनता का बिगड़ा बजट, थोक महंगाई 42 महीने के रिकॉर्ड स्तर पर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तेल कंपनियों का पक्ष लेने के लिए भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को आम जनता से ज्यादा तेल कंपनियों के घाटे की चिंता सता रही है। आज देश के 140 करोड़ लोगों की परेशानियां सरकार को दिखाई नहीं दे रही हैं। थोक महंगाई दर पिछले 42 महीनों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच चुकी है, जिसने गरीब और मध्यम वर्ग के घरों का बजट पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है।

जनता को सलाह नहीं, ठोस समाधान चाहिए

केशव महतो कमलेश ने प्रधानमंत्री द्वारा पूर्व में दी गई सलाहों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों को सोना कम खरीदने, विदेश यात्राएं घटाने और किसानों को यूरिया की खपत कम करने की नसीहत देते हैं। देश की जनता को ऐसी खोखली सलाहों की नहीं, बल्कि महंगाई से तुरंत राहत और ठोस समाधान की जरूरत है। इस प्रदर्शन के दौरान विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शहजादा अनवर, रविंद्र सिंह और संजय लाल पासवान समेत भारी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *