द जन सभा | डेस्क
पिठौरिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते रह गया, जहाँ पुलिस अधिकारी की तत्परता ने एक व्यक्ति को नई ज़िंदगी दी। जानकारी के अनुसार, पतरातू निवासी संतोष करमाली अपना दैनिक काम निपटाकर बाइक JH-01 AD-6434 से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पिठौरिया चौक के समीप पुरानी दुकानों को हटाने का काम चल रहा था। जेसीबी और ट्रैक्टरों द्वारा मलबा फैलाए जाने के कारण सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह बंद था, जिससे गाड़ियों को विपरीत दिशा से गुजरना पड़ रहा था। इसी अव्यवस्था के बीच, पतरातू की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार JH-01 GC-6229 ने संतोष की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार एक युवती चला रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई फीट दूर जाकर गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।

थाना प्रभारी की इंसानियत और मुस्तैदी की मिसाल
दुर्घटना की खबर मिलते ही पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे बिना एक पल गंवाए पुलिस बल के साथ खुद मौके पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझा और एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय मिसाल कायम करते हुए घायल संतोष को अपनी निजी गाड़ी से तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर इलाज शुरू हो सका। स्थानीय लोग थाना प्रभारी की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के मुरीद हो गए हैं और उनके इस कदम को ‘जीवनरक्षक’ बता रहे हैं। घटना पर बात करते हुए थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने कहा, सड़क हादसों में ‘गोल्डन आवर’ यानी हर मिनट बहुत कीमती होता है। हमारी सबसे पहली प्राथमिकता घायल की जान बचाना और उसे डॉक्टरी मदद दिलाना है। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
