JPSC परीक्षा धांधली मामला: CID ने डेटा प्रोसेसिंग कंपनी के तीन कर्मचारियों को किया गिरफ्तार, SIT गठित

अपराध जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

द जन सभा | डेस्क

JPSC द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग CID ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी की टीम ने टीडीपीएल TSR Data Processing Private Limited कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हेमंत वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह और संजय कुमार के रूप में हुई है। यह पूरी कार्रवाई सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 दिनांक 22.07.2026 के तहत की गई है।

कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए सीआईडी ने रांची पुलिस के सहयोग से राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित दो होटलों में भी छापेमारी की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में पहले से गिरफ्तार किए गए पांच अन्य अभियुक्तों को पूछताछ के लिए पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष जांच दल SIT का गठन किया गया है। सीआईडी ने स्पष्ट किया है कि जांच जारी है और प्राप्त होने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई सूचना या दस्तावेज उपलब्ध हो, तो वे मोबाइल नंबर 9934309058 या ई-मेल complainjpsc-cid@jhpolice.gov.in पर साझा कर सकते हैं। सीआईडी ने आश्वासन दिया है कि जानकारी देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता पूरी तरह से बनाए रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *