Ranchi Crime News Hindi: तांत्रिक के झांसे में आकर तीन युवकों ने की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई गुत्थी

अभी अभी जन सभा विशेष स्वास्थ्य
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

राँची में अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और अप्राकृतिक यौनाचार से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के सिमोन नगर खोरहा टोली में हुई ओझा रमेश ठाकुर की हत्या की गुत्थी को राँची पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?

मृतक रमेश ठाकुर कोकर स्थित न्यू तपोवन कॉलोनी के निवासी थे और झाड़-फूंक तथा तांत्रिक विद्या का काम करते थे। खोरहा टोली के सिमोन नगर में उनका अपना एक मकान था, जिसमें उन्होंने किराएदार रखे हुए थे। वे अक्सर अपनी पसंद के युवकों से दोस्ती कर उनका मोबाइल नंबर ले लेते थे और फिर देर रात उन्हें अपने इस खाली मकान में बुलाया करते थे।

मकान में बुलाकर वे युवकों को तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के जाल में फंसाते थे। वे झांसा देते थे कि तांत्रिक प्रक्रिया के दौरान अप्राकृतिक यौनाचार के ज़रिए अगर वे एक-दूसरे को खुश कर देंगे, तो आसमान से ‘परी’ प्रकट होगी और उन पर भारी ‘धन वर्षा’ करेगी। इसी लालच और झांसे में आकर तीन युवक अमित चौधरी, सचिन कुमार गुप्ता और निरंजन स्वासी उनके संपर्क में आए थे।

अंधविश्वास के जाल से हत्या की साजिश तक

तीनों आरोपी धन वर्षा होने और परी से मिलने के प्रलोभन में आकर लगातार कथित तांत्रिक प्रक्रिया और अप्राकृतिक यौनाचार का हिस्सा बनते रहे। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब न तो कोई परी आई और न ही धन वर्षा हुई, तब युवकों को अहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हो रहा है।

इसके बाद तीनों अभियुक्तों ने घटना के दिन मिलकर एक खतरनाक योजना बनाई। उन्होंने तय किया कि आज रात यदि परी से मुलाकात नहीं हुई और धन वर्षा नहीं हुई, तो तांत्रिक रमेश ठाकुर का अंतिम दिन होगा। योजना के तहत तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर अपने साथ पिस्टल और गोलियां लेकर रमेश ठाकुर के घर पहुंचे।

वारदात की रात क्या हुआ?

मृतक के घर पहुंचने के बाद हमेशा की तरह तांत्रिक प्रक्रिया और अप्राकृतिक यौनाचार हुआ। इसके बाद भी जब कोई चमत्कार नहीं हुआ और न ही धन वर्षा हुई, तो तीनों युवकों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तुरंत अपने साथ लाई पिस्टल से रमेश ठाकुर पर फायर कर दिया, लेकिन निशाना चूक जाने के कारण गोली उन्हें नहीं लगी।
गोली चूकते ही आरोपियों ने देर न करते हुए पास में रखे एक पिलास से तांत्रिक रमेश ठाकुर के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण रमेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद तीनों आरोपी मृतक के शरीर पर पहने हुए सारे गहने लूटकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

घटना के बाद मृतक के बेटे आकाश ठाकुर ने सदर थाने में मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसपी राँची के निर्देश पर सिटी एसपी और डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और छापेमारी के आधार पर 24 घंटे के अंदर तीनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अमित चौधरी (निवासी: डोरण्डा,निरंजन स्वासी उर्फ नीरज और सचिन कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामान की सूची

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार, लूटा हुआ सामान और अहम साक्ष्य बरामद कर लिए हैं, जिनमें 1 देशी पिस्टल, 1 जिंदा कारतूस, 1 खोखा, घटना में प्रयुक्त खून लगा पिलास, रोल गोल्ड के गहने (1 मोटी चेन, 1 ब्रेसलेट, 4 अंगूठियां, 1 कड़ा और 1 जोड़ा कानबाली) के अलावा अभियुक्तों के खून से सने कपड़े, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (JH01CD-9858) तथा 3 स्मार्टफोन शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *