Ranchi chain snatching gang caught: महिलाओं से चेन छिनतई करने वाला कुख्यात अपराधी सहित चोरी का सोना खरीदने वाला ज्वेलरी दुकान मालिक गिरफ्तार

अपराध अभी अभी जन सभा विशेष सफलता की कहानी
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

रांची में पुलिस ने महिलाओं से सोने की चेन छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने छिनतई करने वाले मुख्य आरोपी के साथ-साथ चोरी का सोना खरीदने और गलाने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है। रांची पुलिस को 23 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की दोपहिया गाड़ियों पर सवार कुछ शातिर अपराधी नामकुम इलाके की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नामकुम पुलिस टीम ने रेलवे फ्लाईओवर के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे एक काले रंग की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही उसने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उसे धर दबोचा।

पकड़े गए युवक की पहचान 30 वर्षीय सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है, जो मेसरा के सिरतनगर बी.आई.टी. का रहने वाला है। पुलिस ने जब आरोपी की बाइक की जांच की, तो पाया कि गाड़ी का चेचिस नंबर घिसकर मिटाया गया था। पूछताछ में सद्दाम ने स्वीकार किया कि उसने यह मोटरसाइकिल दो महीने पहले पतरातु पार्क के पास से चोरी की थी और इसका इस्तेमाल रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं से चेन छिनतई की वारदातों में करता था।

पूछताछ में आरोपी सद्दाम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अंजाम दी गई चार प्रमुख छिनतई की वारदातों का खुलासा किया। उसने बताया कि उसने मार्च 2026 में नामकुम स्टेशन के पास, अप्रैल में कांके के अरसण्डे में एक बुजुर्ग महिला से, लालपुर के महिला इंटर कॉलेज के पास और जून में बरियातू के हरिहर सिंह रोड स्थित मंदिर के पास महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनी थी। इन सभी वारदातों को उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने नामकुम (कांड सं.-197/26), कांके (कांड सं.-90/26), बरियातू (कांड सं.-115/26) और लालपुर (कांड सं.-73/26) थानों में मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस अनुसंधान में यह बात भी सामने आई कि आरोपी छीने गए सोने के गहनों को बी.आई.टी. मेसरा चौक स्थित वर्मा ज्वेलर्स के मालिक रमेश प्रसाद स्वर्णकार 38 वर्ष को औने-पौने दामों में बेच देता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनार रमेश प्रसाद को गिरफ्तार किया और उसकी दुकान से गलाया हुआ लगभग 19 ग्राम सोना कीमत करीब 4 लाख रुपये जब्त किया। इसके अलावा, आरोपी की ओर से पतरातु से चोरी कर छिपाई गई एक टीवीएस स्कूटी JH03AN-4087 भी पुलिस ने बरामद की है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापामारी टीम में नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह, बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक, उप-निरीक्षक नकुल साह, गौतम कुमार, शशिरंजन, जयदेव सराक और सहायक उप-निरीक्षक मंटू सिंह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *