Social Media & Mobile Notification : पुलिस और जनता मिलकर सुलझाएंगे शहर की समस्या, जन-वार्तालाप की हुई शुरुआत

अभी अभी आदिवासी झारखंड
Share Now

द जन सभा | निरंजन भारती

राँची में पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय को बेहतर बनाने तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े गंभीर मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए राँची पुलिस प्रशासन ने जन-वार्तालाप नामक एक विशेष पहल की शुरुआत की है। इस कड़ी में वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय पार्षदों, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान मुख्य रूप से सुखदेवनगर, पहाड़ी मंदिर और खादगढ़ा जैसे संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा और बुनियादी पुलिसिंग से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। विशेष रूप से छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। शहर के स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास, ख़ासकर छात्राओं के आने-जाने के समय, पुलिस बल की विशेष निगरानी और निरंतर गश्ती बढ़ाने को कहा गया है।

आगामी पवित्र सावन महीने को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन पर भी गहन मंथन हुआ। मंदिर पूजा समिति, स्थानीय पार्षदों और केंद्रीय शांति समिति के प्रतिनिधियों से सुगम दर्शन, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था के संबंध में सुझाव मांगे गए, ताकि सावन के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ‘जन-वार्तालाप’ की यह व्यवस्था केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगी। एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में थाना स्तर पर ऐसी बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर पुलिस-पब्लिक रिलेशनशिप मजबूत हो और जनता के सहयोग से अपराध व असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।
बैठक में नगर व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक (कोतवाली), विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और बबली सोनी पार्षद वार्ड-27, सुनील यादव पार्षद वार्ड-29, जय सिंह यादव, अशोक यादव, बंटी शर्मा सहित दर्जनों स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *