Muharram News: रांची की सड़कों पर RAF संग उतरी पुलिस, मुहर्रम पर माहौल बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर

जन सभा विशेष झारखंड
Share Now

द जन सभा

आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर राजधानी में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, गुरुवार को शहर के संवेदनशील इलाकों और जुलूस के तय रास्तों पर पुलिस बल द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली और वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर की अगुवाई में बाइक दस्ते ने लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों का सघन दौरा किया। साथ ही फिरायालाल चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट और कोतवाली जैसे प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बलों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान शहर में शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना तथा आम जनता के बीच सुरक्षा का विश्वास जगाना है। मार्च में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की एक कंपनी सहित स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आकस्मिक स्थितियों से निपटने की तैयारियों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की सूक्ष्म समीक्षा की, साथ ही तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *