
द जन सभा | निरंजन भारती
रांची की ओरमांझी और सिकिदिरी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सिंटू कुमार, नालंदा, अनिकेत कुमार उर्फ भोला, बोकारो, और विकास कुमार ,गया, बिहार, के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट व जाली नंबर वाली और मास्टर चाबी, पेचकस व प्लग रिंच जैसे औजार बरामद किए हैं। यह गिरोह रांची, रामगढ़ और बोकारो के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिलें चुराकर उनके इंजन और चेसिस नंबर बदल देता था और फर्जी कागजात तैयार कर बिहार के गयाजी इलाके में बेच दिया करता था।
चेकिंग के दौरान धरे गए आरोपी, बिहार तक फैला था नेटवर्क
घटनाक्रम के मुताबिक, 19 जून की रात सिकिदिरी थाना पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर भाग रहे दो संदिग्धों का ओरमांझी पुलिस की गश्ती टीम ने घेराव कर धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके बैग से मास्टर चाबी और औजार मिले। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने संगठित बाइक चोर गिरोह चलाने की बात कबूली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बिहार के गया आमस थाना क्षेत्र और रामगढ़ की झाड़ियों में छापेमारी कर चोरी की अन्य बाइकें बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या और चोरी जैसे कई मामले दर्ज हैं।
मामले की जानकारी देते हुए रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि यह पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंतरराज्यीय संगठित चोर गिरोह का सफल उद्भेदन किया है, जो कई जिलों में सक्रिय था। वहीं, छापेमारी दल का नेतृत्व कर रहे पु०नि०-सह-थाना प्रभारी ओरमांझी मनोज कुमार ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों के पास से बरामद सभी मोटरसाइकिलों और उपकरणों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांड में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
