Ranchi News: पेट्रोल डीजल के बढ़ते कीमतों के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, आंबेडकर चौक पर मोदी का जलाया पुतला

अभी अभी जन सभा विशेष झारखंड राजनीति विशेष
Share Now

द जन सभा  |  चंदन पाठक

रांची, 25 मई।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। डोरंडा स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर चौक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।

​प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश कांग्रेस के महासचिव आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता और राजीव रंजन प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार पर चौतरफा हमला बोला। हाथों में विरोध की तख्तियां थामे कार्यकर्ताओं के “मोदी है तो दिक्कत है”, “मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ” और “लकड़ी-कोयला वापस लाओ” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा अंबेडकर चौक गूंज उठा।

​मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दूबे ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महज 12 दिनों के भीतर पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब आठ रुपये की बढ़ोतरी कर मोदी सरकार ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। आज इस महंगाई के कारण गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे कारोबारी भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।

पूर्ववर्ती यूपीए सरकार की याद दिलाते हुए आलोक दूबे ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 140 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, तब भी जनता पर ऐसा बोझ नहीं डाला गया था। आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम कम होने के बावजूद मोदी सरकार लगातार कीमतें बढ़ाकर जनता की जेब पर डाका डाल रही है।

​मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव और डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है। ईंधन की कीमतों में लगी आग ने हर जरूरी वस्तु और खाद्यान्न को महंगा कर दिया है। सरकार महंगाई और बेरोजगारी के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता अब भाजपा की इन जनविरोधी नीतियों को अच्छी तरह समझ चुकी है।

वहीं, प्रदेश महासचिव राजीव रंजन प्रसाद, आदित्य विक्रम जायसवाल और शशि भूषण राय ने संयुक्त रूप से कहा कि सरकार जनहित को ताक पर रखकर सिर्फ मुनाफाखोरी में व्यस्त है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन से लेकर रसोई के बजट तक सब कुछ तबाह हो गया है। कांग्रेस पार्टी जनता की इस आवाज को सड़क से लेकर सदन तक बुलंद करती रहेगी।

आक्रोशित कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से रंजीत महतो, लालजी प्रसाद, जॉन लकड़ा, मंजू देवी, राजेश कुमार, विजय कुमार, विनोद कुमार, सुषमा कुमारी, फिरोज रिजवी मुन्ना समेत भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *